पहल संवाद
रांची/डेस्क: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने राज्यभर में एलपीजी की जो किल्लत चल रही है, उसको लेकर बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि राज्य में गैस की आपूर्ति 10 दिनों में सामान्य हो जाएगी. उन्होंने कहा कि गैस आपूर्ति में उत्पन्न समस्या पर राज्य सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है और गैस वितरण अब सिस्टम के साथ होगा. उन्होंने निर्देश दिया है कि किसी भी हालत में गैस सिलेंडर की डिलीवरी सड़क पर नहीं होगी. अगर ऐसा किया जाएगा तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ सीधे कार्रवाई की जाएगी.
डॉ इरफान ने गुरुवार को रांची में अधिकारियों के साथ आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक के यह बात कही. उन्होंने कहा कि हर जिले में नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया गया है. अधिकारियों को उन्होंने निर्देश दिया है कि जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और यदि गैस आपूर्ति में समस्या आती है, तो 1967 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं.
मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने क्या-क्या दिए निर्देश?
- गैस एजेंसियां लंबित डिलीवरी (बैकलॉग) को तत्काल समाप्त करें.
- रांची, जमशेदपुर और धनबाद जैसे प्रमुख जिलों में जहां काफी बैकलॉग है प्राथमिकता के आधार पर लंबित डिलीवरी को तुरंत क्लियर किया जाए.
- एलपीजी की उपलब्धता, मांग व सप्लाई चेन की लगातार समीक्षा की जाए.
- शादी-विवाह, समारोहों और धार्मिक आयोजनों जैसे महत्वपूर्ण अवसरों पर गैस की कोई कमी न हो.
- कालाबाजारी और अनावश्यक भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.
- राज्य में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है इसलिए पैनिक की स्थिति उत्पन्न नहीं होने दी जाए.

