पहल संवाद
रांची/डेस्क: इनसान का खून कितना सस्ता हो गया है, यह बिहार के अररिया में देखने को मिला. पार्किंग को लेकर एक मामूली विवाद इतना बढ़ गया एक व्यक्ति के सिर पर खून ऐसा सवार हो गया कि बीच सड़क पर ही उसने दूसरे व्यक्ति का गला ही काट डाला. जब दो लोगों के बीच यह मामूली विवाद हुआ तक किसी ने यह सोचा भी नहीं था कि अगले ही पल क्या होने वाला है. अगले पल दो लोगों की लाशें सड़क पर पड़ी हुई थीं. पहले तो एक व्यक्ति का बीच सड़क पर सिर काट दिया गया. फिर उसके बाद लोगों का गुस्सा हत्यारे पर फूट पड़ा. भीड़ ने आरोपी को पकड़ कर इतना पीटा कि उसकी मौत हो गयी. यह वारदात फारबिसगंज में सुभाष चौक के पास हुई. जिस व्यक्ति का गला काटा गया उसका नाम अली हुसैन (42) है. वह पिकअप चालक था.
ऐसे हुई घटना की शुरुआत
पुलिस ने घटना की जो जानकारी दी उसके अनुसार, जोगबनी का अली हुसैन गुरुवार सुबह मंडी आकर अपनी गाड़ी खड़ी की, ऐसा वह रोज करता था. मगर वहीं पर सत्तू का ठेला लगाने वाले रवि चौहान (30) से उसकी बहस हो गई. इस मामूली बहस ने झगड़े का रूप ले लिया. फिर गुस्से से पागल रवि ने तेज धार वाला चाकू निकाला और बीच सड़क पर हुसैन पर हमला कर दिया और हुसैन का सिर धड़ से अलग कर दिया.
हुसैन का सिर काटने के बाद करीब 5 मिनट तक रवि मौके पर ही चाकू लेकर खड़ा था. फिर वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से भागकर एक घर में छिप गया. लेकिन गुस्साई भीड़ से वह बच नहीं सका. लोगों ने घर से घसीट कर पहले उसे बाहर निकाला और सड़क पर लाठी-डंडों, लात-घूसों से पीट-पीटकर उसकी भी हत्या कर दी. रवि की मौत मौके पर ही हो गई.
रवि के सिर पर खून सवार होने की असल वजह
स्थानीय लोगों के अनुसार रवि चौहान के सिर पर खून सवार होने की एक और वजह बतायी जा रही है. अली हुसैन ने जहां अपनी गाड़ी पार्क की थी, वह वहां हर रोज गाड़ी पार्क करता था. जाहिर है हुसैन और रवि एक दूसरे को जानते थे. मगर गुरुवार को जब अली हुसैन वहां अपनी गाड़ी पार्क की तो रवि से हालचाल पूछते वक्त पूछ बैठा- “सत्तू वाली कैसी है?” इसी बात पर रवि बौखला गया था. फिर उसने वह कर दिया, जो उसे नहीं करना चाहिए था. एक की जान ले ही ली, खुद भी नहीं बच पाया. कुछ लोग कुछ लोग अफेयर का भी मामला बता रहे हैं.
घटना के बाद इलाके में काफी तनाव फैल गया. क्योंकि मामला दो समुदाय से जुड़ा है, इसलिए भारी मात्रा में पुलिस बल की तैनाती कर दी गयी. सोशल मीडिया पर तो एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें रवि हुसैन की छाती पर चढ़कर उसका गला रेतता हुआ दिख रहा है.

