Homeताजा खबरेंपश्चिम बंगाल में प्रथम चरण की 152 सीटों और तमिलनाडु की सभी...

पश्चिम बंगाल में प्रथम चरण की 152 सीटों और तमिलनाडु की सभी 234 सीटों के लिए चाक-चौबंद सुरक्षा के बीच वोटिंग शुरू

पहल संवाद

रांची/डेस्क:  राजनीति की दृष्टि से दो प्रमुख राज्यों पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में गुरुवार को 7.00 बजते ही मतगणना आरम्भ हो गयी है. पश्चिम बंगाल में दो चरणों में और तमिलनाडु में एक चरण में मतदान हो रहा है. आज पश्चिम बंगाल के 16 जिलों की 152 सीटों पर मतदान हो रहा है, वहीं तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर वोटिंग शुरू हो गयी है. मतदान शाम 5 बजे तक चलेगा.

बता दें कि पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की लंबी प्रक्रिया के बाद विधानसभा चुनाव हो रहा है. दोनों ही राज्यों में मतदान के लिए अभूतपूर्व सुरक्षा का इंतजाम किये गये हैं.

ताजा खबरों के अनुसार, पश्चिम बंगाल के पहले चरण की वोटिंग शुरू होते ही मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही है. सुबह से ही लोग बड़ी संख्या में मतदान करने के लिए पहुंच रहे हैं, अधिकारियों के मुताबिक, मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से जारी है और मतदाता बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं.

पश्चिम बंगाल में आज जहां मतदान हो रहा है, उनमें उत्तर बंगाल के आठ, दक्षिण बंगाल के तीन और जंगलमहल क्षेत्र के पांच जिले शामिल हैं. बंगाल में पहले चरण के लिए केंद्रीय बलों की कुल 2,407 कंपनियों की तैनाती की गई है. पूर्व मेदिनीपुर जिले में सबसे अधिक 273 कंपनियां कानून व्यवस्था संभाल रही हैं.

आयोग ने मतदान से पूर्व कुछ दिशा निर्देश जारी किये हैं. चुनाव आयोग ने कहा है कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के बटन में इत्र, कालिख, गोंद अथवा कोई रासायनिक लगा पाए जाने पर इसे ‘वोट टेंपरिंग’ माना जाएगा. वहां वोट रद्द करके पुनर्मतदान कराया जा सकता है. पीठासीन अधिकारियों को मतदान शुरू होने से पहले ईवीएम की ठीक से जांच कर लेने का सख्त निर्देश दिया गया है. तमिलनाडु में सभी 234 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में मतदान होगा. राज्य में 5.73 करोड़ से अधिक मतदाता 4,023 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला करेंगे. तमिलनाडु में द्रमुक गठबंधन और अन्नाद्रमुक गठबंधन आमने-सामने हैं.

RELATED ARTICLES

जरूर पढ़ें