पहल संवाद
रांची डेस्क: हजारीबाग के विष्णुगढ़ में 12 वर्षीय बच्ची की हत्या के विरोध में आहूत झारखंड बंद को प्रदेश भाजपा ने वापस ले लिया है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने तीन अप्रैल के मशाल जुलूस और 9 अप्रैल के झारखंड बंद को वापस लेने की घोषणा की है. आदित्य साहू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मशाल जुलूस और बंद की वापसी का ऐलान किया. बता दें कि विष्णुगढ़ के कुसुंबा में बच्ची की निर्मम हत्या को लेकर पार्टी की ओर से मशाल जुलूस और झारखंड बंद का ऐलान भाजपा ने किया था. लेकिन इस हत्याकांड का उद्भेदन हो जाने और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद भाजपा ने बंद वापस ले लिया है.
साहू ने रांची स्थित प्रदेश कार्यालय में गुरुवार देर रात प्रेसवार्ता कर कहा कि भाजपा के प्रचंड दबाव के बाद कुसुंबा की बेटी की निर्मम हत्या का उद्भेदन हुआ है, लेकिन अभी काम पूरा नहीं हुआ है. घटना की न्यायिक जांच होनी चाहिए ताकि बलि देने संबंधी बातों की सच्चाई सामने आ सके. बलि पत्थर से मारकर नहीं दी जाती है. पुलिस ने जो बातें बताई है उसकी और छानबीन की जरूरत है, पोक्सो एक्ट आदि के उल्लंघन संबंधी बातें भी उजागर हों.
आदित्य साहू ने इसके साथ यह भी कहा कि गिरफ्तार भीम राम कभी भी किसी स्तर का भाजपा कार्यकर्ता नहीं रहा. मीडिया में सत्ता पक्ष की ओर से भ्रामक खबरें चलाई जा रही है.
प्रेसवार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय,सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह,प्रवक्ता अजय साह भी उपस्थित थे.

