Homeताजा खबरेंदो चरणों में होने वाली जनगणना का प्रथम चरण आज से शुरू,...

दो चरणों में होने वाली जनगणना का प्रथम चरण आज से शुरू, झारखंड में भी तैयारियां पूरी, आप भी रहें तैयार, प्रथम चरण में तैयार होगी मकानों की सूची

पहल संवाद

रांची/डेस्क: ‘हमारी जनगणना, हमारा विकास’ के मूल मंत्र के साथ जनगणना-2027 के प्रथम चरण की 1 मई से शुरुआत हो रही है.  प्रथम चरण में मकानों की सूची तैयार की जायेगी. इस संबंध में झारखंड के सभी जिलों के प्रधान जनगणना पदाधिकारी-सह-उपायुक्त की ओर से संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये हैं.

रांची जिले की बात करें तो जनगणना कार्य के संपादन के लिए 4232 पदाधिकारियों-कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. साथ ही संबंधित पदाधिकारियों एवं क्षेत्र प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण भी पूर्ण हो चुका है. 4134 प्रगणकों (गणनाकार) और पर्यवेक्षकों को नियुक्त किया गया है, जिनमें महिला प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की संख्या 1727 और पुरुष प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की संख्या 2407 है.

बता दें कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण को दो भागों में विभाजित किया गया है. एक मई से 15 मई तक स्व-गणना एवं 16 मई से 14 जून तक मकान सूचीकरण एवं घर-घर गणना कार्य पूर्ण किया जायेगा. इस अवधि में जिला के प्रत्येक क्षेत्र के हर मकान का विस्तृत विवरण दर्ज किया जाएगा.

नागरिकों को सुविधा प्रदान करने के लिए स्व-गणना की व्यवस्था की गई है. यह प्रक्रिया ऐच्छिक है, अनिवार्य नहीं. नागरिक ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर स्वयं अपना विवरण दर्ज कर सकते हैं. नागरिक को स्व-गणना के बाद प्राप्त एसई आईडी को सुरक्षित रखना होगा. जिसे प्रगणक के घर आने पर साझा करना होगा. यदि कोई व्यक्ति स्व-गणना नहीं करता है, तो भी चिंता की आवश्यकता नहीं है. प्रगणक निर्धारित अवधि में घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे.

16 मई से 14 जून के बीच प्रगणक प्रत्येक घर का दौरा करेंगे. इस दौरान मकान का विवरण, घर की स्थिति, उपलब्ध सुविधाएं एवं अन्य मूलभूत जानकारी दर्ज की जाएगी. यह सुनिश्चित किया जाएगा कि प्रत्येक परिवार का सही और पूर्ण विवरण दर्ज हो.

जनगणना से संबंधित सभी सूचनाओं की गोपनीयता सुनिश्चित की गई है. जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत सभी जानकारी पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है. डेटा सुरक्षित सर्वर पर एन्क्रिप्टेड रूप में संग्रहित किया जाता है. प्रकाशित रिपोर्ट में केवल सामूहिक आंकड़े ही प्रदर्शित किए जाते हैं. किसी भी व्यक्ति का नाम या व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं की जाती. इस जानकारी का उपयोग टैक्स, पुलिस या किसी जांच कार्य में नहीं किया जाता है. जनगणना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर उपलब्ध है.

RELATED ARTICLES

जरूर पढ़ें