Homeझारखण्डस्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान का ऐलान, झारखंड में जल्द जारी होगा स्वास्थ्य...

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान का ऐलान, झारखंड में जल्द जारी होगा स्वास्थ्य गारंटी कार्ड, हर व्यक्ति को बेहतर और सुलभ इलाज होगा सुनिश्चित

पहल संवाद

रांची/डेस्क: विश्व स्वास्थ्य दिवस के मौके पर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने राज्य में जल्द स्वास्थ्य गारंटी कार्ड लागू करने के बात कही है. उनका कहना है कि इस गारंटी कार्ड से हर व्यक्ति को बेहतर और सुलभ इलाज सुनिश्चित होगा. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि झारखंड के हर व्यक्ति को स्वास्थ्य सुरक्षा देना सरकार की प्राथमिकता है. डॉ इरफान ने इस बात पर प्रसन्नता जाहिर की कि नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (एनक्यूनएएस) रैंकिंग में झारखंड ने पूरे देश में तीसरा स्थान हासिल किया है, यह राज्य के लिए गर्व की बात है. मंत्री इरफान अंसारी बतौर मुख्य अतिथि मंगलवार को विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर नामकुम स्थित एनएचएम सभागार में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में बोल रहे थे.

डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए दिन-रात काम किया जा रहा है. विश्व स्वास्थ्य दिवस पर मंत्री ने लोगों से प्रतिदिन कम से कम 45 मिनट अपने स्वास्थ्य के लिए निकालने को कहा. मौके पर मंत्री ने आईपीएच परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरियाली का संदेश दिया गया.

1200 स्थायी चिकित्सकों की जल्द बहाली

स्वासथ्य मंत्री ने इस मौके पर ऐलान किया कि राज्य में 1200 स्थायी चिकित्सकों की जल्द बहाली होगी. इसके अलावा 7500 एएनएम-जीएनएम की भी नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की जायेगी. राज्य को जल्द 247 नए एम्बुलेंस देने, संथाल परगना में नया कंट्रोल कमांड सेंटर स्थापित करने, ब्लड उपलब्धता के लिए नई पॉलिसी लागू करने की भी बात उन्होंने कही.

मंत्री ने झारखंड उच्च न्यायालय के आदेश पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बिना डोनर के ब्लड उपलब्ध कराना जमीनी स्तर पर चुनौतीपूर्ण है, इसलिए विभाग इस आदेश में संशोधन के लिए जल्द ही न्यायालय का रुख करेगा.

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि एनक्यूएएस रैंकिंग में मिला तीसरा स्थान राज्य के लिए गर्व की बात है. यह प्रमाणन केंद्र सरकार की ओर से दिया गया है, जो इसकी विश्वसनीयता को दर्शाता है. उन्होंने वन हेल्थ की अवधारणा पर जोर देते हुए कहा कि स्वस्थ समाज के लिए पूरे इकोसिस्टम का संतुलित और स्वस्थ रहना जरूरी है.

RELATED ARTICLES

जरूर पढ़ें