300 से ज्यादा फ्लाइट्स डिले, कई 3 घंटे तक लेट
ATC सिस्टम फेल होने से उत्तर भारत के एयरपोर्ट्स पर असर
दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGIA) पर शुक्रवार, 7 नवंबर 2025 की सुबह से एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) सिस्टम में बड़ी तकनीकी खराबी आ गई। इससे उड़ानों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ। यह दिक्कत ऑटोमैटिक मैसेज स्विचिंग सिस्टम (AMSS) में आए ग्लिच की वजह से हुई, जो ATC को फ्लाइट प्लान, मौसम डेटा और अन्य जरूरी जानकारी ऑटोमैटिकली भेजता है।
सूत्रों के हवाले से जानकारी मिली है कि प्रभावित उड़ानों की संख्या 300 से 400 के बीच रही। कुछ रिपोर्ट्स में यह संख्या और भी ज्यादा बताई गई है। फ्लाइट रडार 24 के अनुसार औसतन 50 मिनट की देरी दर्ज की गई, जबकि कई उड़ानें 1 से 3 घंटे तक लेट रहीं। आने-जाने दोनों तरह की उड़ानें प्रभावित हुईं, जिससे अमृतसर, लखनऊ और जयपुर जैसे उत्तर भारतीय एयरपोर्ट्स पर भी असर पड़ा।
सूत्रों के मुताबिक सिस्टम की समस्या गुरुवार, 6 नवंबर की दोपहर 3 बजे से ही शुरू हो गई थी। शुक्रवार सुबह तक यह पूरी तरह ठप हो गया। ATC कंट्रोलर्स को फ्लाइट प्लान मैन्युअली प्रोसेस करने पड़े, जिससे रनवे पर विमानों की लंबी कतार लग गई। कुछ फ्लाइट्स में यात्री घंटों तक बैठे रहे।
एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने कहा कि “AMSS में तकनीकी दिक्कत आई है। कंट्रोलर्स फिलहाल मैन्युअली काम कर रहे हैं। तकनीकी टीम सिस्टम को जल्द ठीक करने में जुटी है।” वहीं दिल्ली एयरपोर्ट प्रबंधन ने सुबह 8:34 और 11:20 बजे एडवाइजरी जारी कर कहा, “ATC की समस्या के कारण उड़ानें विलंबित हैं। सभी स्टेकहोल्डर्स के साथ मिलकर स्थिति सामान्य करने का प्रयास जारी है।”
एयरलाइंस ने यात्रियों से धैर्य रखने की अपील की। एयर इंडिया ने कहा, “सभी एयरलाइंस प्रभावित हैं, इंतजार थोड़ा लंबा हो सकता है।” इंडिगो ने बताया कि “दिल्ली और उत्तर भारत की फ्लाइट्स पर असर पड़ा है, ग्राउंड स्टाफ यात्रियों की मदद कर रहा है।” स्पाइसजेट ने कहा, “ATC कंजेशन के कारण डिपार्चर और अराइवल में देरी संभव है।”
टर्मिनल 3 पर यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी। बोर्डिंग गेट्स के बाहर लंबी कतारें लगीं और कई पैसेंजर्स प्लेन में बैठे-बैठे 1 से 2 घंटे तक इंतजार करते रहे। पार्किंग बे फुल होने से कुछ विमानों को रनवे पर होल्ड करना पड़ा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर यात्रियों ने लिखा— “90 प्लेन कतार में हैं, टेकऑफ का समय नहीं पता।”
दोपहर तक भी स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हुई थी। AAI और DIAL की टीमें लगातार काम कर रही हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि उड़ान से पहले अपनी एयरलाइन की वेबसाइट या ऐप पर फ्लाइट स्टेटस चेक करें, एयरपोर्ट 2 से 3 घंटे पहले पहुंचे और नवीनतम अपडेट के लिए @DelhiAirport तथा @AAI_Official के हैंडल्स को फॉलो करें।
यह कुछ दिनों में दिल्ली एयरपोर्ट की दूसरी बड़ी तकनीकी दिक्कत है। इससे पहले भी सर्वर इश्यू के कारण अफरा-तफरी मच चुकी है। यात्रियों को उम्मीद है कि जल्द स्थिति सामान्य हो जाएगी।
