Thursday, March 19, 2026
Homeझारखण्डखासमहल जमीन घोटाले की जांच तेज: एसीबी की टीम ने डीआरडीए निदेशक...

खासमहल जमीन घोटाले की जांच तेज: एसीबी की टीम ने डीआरडीए निदेशक अलका कुमारी को पूछताछ के लिए हजारीबाग ले गई

चतरा: भ्रष्टाचार निवारण ब्यूरो (ACB) की स्पेशल टीम ने सोमवार की दोपहर चतरा में बड़ी कार्रवाई की। टीम ने जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (DRDA) की निदेशक अलका कुमारी को उनके कार्यालय से हिरासत में लेकर हजारीबाग पहुंचाया है। सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई खासमहल जमीन घोटाले के चर्चित मामले से जुड़ी है, जिसमें तत्कालीन सदर अंचल अधिकारी के रूप में अलका कुमारी की भूमिका की जांच चल रही है।

देर रात तक रही हलचल, घर पर पुलिस का पहरा

सोमवार देर शाम तक एसीबी की टीम अलका कुमारी से पूछताछ करती रही। इसके बाद वे उन्हें लेकर उनके नगवां मोहल्ला स्थित आवास पहुंची, जहां घंटों तक पूछताछ चली। रातभर सदर थाना की विशेष टीम ने उनके घर को घेराबंदी में रखकर सुरक्षा दी। मंगलवार की अहले सुबह उन्हें एसीबी टीम हजारीबाग ले गई।

विनय चौबे प्रकरण से जुड़ा मामला

बताया जा रहा है कि अलका कुमारी का नाम निलंबित आईएएस अधिकारी विनय चौबे से जुड़े खासमहल जमीन घोटाले में सामने आया है। एसीबी की टीम अब इस प्रकरण में उन्हें गवाह के रूप में कोर्ट में पेश कर सकती है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, अदालत में पेशी के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि अलका कुमारी को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया जाएगा या गवाही के बाद रिहा किया जाएगा।

एसीबी की सघन पूछताछ से मचा हड़कंप

एसीबी एसपी आरिफ इकराम के नेतृत्व में आई टीम ने सोमवार को दोपहर करीब तीन बजे अलका कुमारी को उनके दफ्तर से हिरासत में लिया था। इसके बाद टीम उन्हें पूछताछ के लिए ले गई और देर शाम उनके आवास पर तलाशी ली। बताया जा रहा है कि एसीबी के अधिकारियों के पास कोर्ट से जारी वारंट था, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।

आगे क्या?

पूरे जिले में इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि एसीबी की टीम आगे क्या कदम उठाती है — क्या अलका कुमारी को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया जाएगा या उन्हें सिर्फ बयान के लिए बुलाया गया था।

RELATED ARTICLES

जरूर पढ़ें