कोलकाता और उसके आसपास के क्षेत्रों में रातभर भारी बारिश हो रही है. मंगलवार सुबह से हो रही भारी बारिश की वजह से कई इलाकों में जलभराव हो गया. पानी कई घरों और आवासीय परिसरों में घुस गया, सड़कों पर जलभराव की स्थिति पैदा हो गई. जलभराव की वजह से रेल, सड़क, और मेट्रो ट्रैफिक बाधित हो गया. कोलकाता नगर निगम (KMC) के अनुसार, गरिया कमदहारी में कुछ ही घंटों में 332 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि जोधपुर पार्क में 285 मिमी बारिश हुई. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पूर्वी हिस्से में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है.
कोलकाता में कल देर रात से हो रही भारी बारिश के कारण मंगलवार को विभिन्न इलाकों में सड़कों और घरों के बाहर भारी जलभराव हो गया, अब तक की बारिश में कम चार लोगों की मौत हो गई. कोलकाता पुलिस के अनुसार, मृतकों में से एक की पहचान 60 वर्षीय जितेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जिनकी आज सुबह लगभग 5.15 बजे हुसैन शाह रोड पर बिजली का करंट लगने से मौत हो गई. मरने वालों में बेनियापुकुर के फिरोज अली खान (50), नेताजी नगर के प्राणतोष कुंडू (62) और एकबलपुर की मुमताज बीबी (70) शामिल हैं. दो और लोगों के करंट लगने से मौत की पुष्टि हुई है.
