मोदी बोले
- बिहार के लोगों ने गर्दा उड़ा दिया।
- अब कट्टा सरकार कभी वापस नहीं आएगी
- जो छठ पूजा को ड्रामा कह सकते हैं, वे बिहार की क्या इज्जत करेंगे
Bihar Chunav Result 2025 : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में बंपर वोटिंग के बाद अब लगातार परिणाम सामने आ रहे हैं। NDA बहुमत के साथ सरकार बनाती दिख रही है। पटना से लेकर दिल्ली तक जश्न शुरू हो गया है। पीएम मोदी समेत बीजेपी के बड़े नेता पार्टी मुख्यालय पहुंच गए हैं। बिहार में विधानसभा की कुल 243 सीटें हैं और सरकार बनाने के लिए किसी दल या गठबंधन के पास 122 सीटें होना जरूरी है। NDA 204 सीटों पर आगे है। वहीं महागठबंधन 33 सीटों पर सिमटती दिखाई दे रही है एनडीए के प्रमुख दलों में जनता दल यूनाइटेड (JDU), भारतीय जनता पार्टी (BJP), लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) और हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) शामिल हैं। वहीं, महागठबंधन में राष्ट्रीय जनता दल (RJD), कांग्रेस, विकासशील इंसान पार्टी (VIP), वाम दल और इंडियन इंक्लूसिव पार्टी (IIP) हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा – आज केवल एनडीए की विजय नहीं हुई है, बल्कि यह भारत के लोकतंत्र में आस्था रखने वालों की जीत है। इस चुनाव ने चुनाव आयोग के प्रति जनता का विश्वास और सशक्त किया है। हाल के वर्षों में ऊंचा मतदान प्रतिशत चुनाव आयोग की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यही वह बिहार है, जहां कभी माओवादी हिंसा का बोलबाला था और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में दोपहर तीन बजे ही मतदान बंद हो जाता था, लेकिन इस बार जनता ने बिना किसी भय के पूर्ण उत्साह से वोट डाला।
कार्यकर्ताओं का गमछा लहराकर अभिवादन किया
वे शाम 6 बजकर 51 मिनट पर दिल्ली में भाजपा मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं का गमछा लहराकर अभिवादन किया। इस दौरान सारे कार्यकर्ताओं ने भी गमछा लहराया। इस मौके पर सबसे पहले भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि जनता ने जंगलराज के खिलाफ को विकास चुना।
चुनाव परिणामों के अनुसार बिहार में NDA की सरकार बन रही है। गठबंधन को 243 में 202 सीटों पर जीत हासिल हुई, जो रिकॉर्ड है। महागठबंधन के खाते सिर्फ 35 सीटें ही आईं। बिहार में सरकार बनाने के लिए 122 सीटों की जरूरत होती है। NDA में भाजपा और JDU ने 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ा था। अन्य सहयोगी पार्टियों LJP को 29 सीटें, HAM और RLM को 6-6 सीटें दी गई थीं। भाजपा ने 91 सीटों पर जीत हासिल की है। JDU 83, LJP 19, HAM और RLM की मिलाकर 9 सीटों हैं।
प्रधानमंत्री बोले- बिहार में निवेश और रोजगार की तेजी होगी
PM ने कहा कि आने वाले 5 साल बिहार तेज गति से आगे बढ़ेगा। यहां नए उद्योग लगेंगे। यहां के नौजवानों को यहीं रोजगार मिले, इसके लिए काम होगा। निवेश ज्यादा नौकरियां लाएगा। यहां पर्यटन का विकास होगा। यहां का सामर्थ्य दुनिया को दिखेगा। आस्था के स्थानों, तीर्थस्थानों का कायाकल्प होगा।
उन्होंने कहा, मैं आज देश-दुनिया के निवेशकों से कहूंगा कि बिहार आपके स्वागत के लिए तैयार है। बिहार की संतान जो देश-दुनिया में हैं, वे यहां निवेश करें। मैं बिहार की एक-एक मां, युवा, किसान, गरीब परिवार से कहना चाहता हूं कि आपका भरोसा-मेरा प्रण है।
