Ranchi : हजारीबाग में डीसी रहते हुए IAS विनय चौबे के द्वारा वन भूमि की अवैध खरीद-बिक्री और नियमों के विपरीत म्यूटेशन मामले की जांच अब एसीबी कर रही हैं. इस केस में अब तक विनय चौबे के करीबी ऑटोमोबाइल कारोबारी विनय सिंह और हजारीबाग के लैंड ब्रोकर विजय सिंह को एसीबी गिरफ्तार कर चुकी है. एसीबी इस मामले में पूरी गहनता से जांच कर रही. जिस भूमि को लेकर दर्ज प्राथमिक की की एसीबी जांच कर रही है, वह विनय सिंह और उनकी पत्नी स्निग्धा सिंह के नाम पर है.
कांड संख्या 11/2025 में स्निग्धा सिंह नामजद आरोपी हैं. अब एसीबी ने विनय सिंह की पत्नी, स्निग्धा सिंह को नोटिस भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया है. यह भूमि हजारीबाग के सदर अंचल, थाना नंबर 252 में स्थित हैं. खाता नंबर 95 के प्लाट नंबर 1055, 1060 और 848 का कुल रकबा 28 डिसमिल है, जबकि खाता नंबर 73 के प्लाट नंबर 812 का रकबा 72 डिसमिल हैं. यह भूमि सदर अंचल के बभनवे मौजा, हल्का 11 में स्थित है, वर्तमान में इस भूमि पर नेक्सजेन का शोरूम संचालित किया जा रहा हैं.
