रांची : पूरे देश में धनतेरस 2025 का पर्व कल है। इस दिन मां लक्ष्मी और भगवान धनवंतरी की पूजा की जाती है। धनतेरस के दिन घर में झाड़ू खरीदना बहुत शुभ होता है, क्योंकि झाड़ू को लक्ष्मी जी का प्रतीक माना गया है। झाड़ू घर की नेगेटिव एनर्जी को दूर कर पॉजिटिविटी लाती है और दरिद्रता को मिटाती है। धनतेरस से पहले घर की सफाई बहुत जरूरी होता है। इस दौरान घर के टूटे-फूटे सामान के साथ पुरानी झाड़ू को भी घर से बाहर निकाल दें। अगर किसी वजह से आप पुरानी झाड़ू को हटा नहीं पाए हैं, तो इसे किसी कोने या ऐसी जगह रख दें जहां यह नजर ना आए। नई झाड़ू लाने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि पुरानी झाड़ू घर के मुख्य हिस्से में ना हो। क्योंरकि साफ-सफाई से मां लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं।
नई झाड़ू लाने का शुभ तरीका
धनतेरस के दिन नई झाड़ू लाते समय उसे सिर्फ एक साधारण वस्तु ना समझें, बल्कि सम्मान के साथ घर लाएं। ऐसा करने से मां लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है और घर में धन-धान्य की वृद्धि होती है। ध्यान रखें कि धनतेरस के दिन झाड़ू को घर से बाहर फेंकना अशुभ माना जाता है, इसलिए अगर आपने धनतेरस के पहले पुरानी झाड़ू को नहीं फेंका है तो उसे किसी और जगह पर रख दें। दीपावली का त्योहार बीत जाने के बाद ही इसे फेंके।
पुरानी झाड़ू को बाहर कब फेंकें
वास्तु शास्त्र के अनुसार, पुरानी झाड़ू को घर में लंबे समय तक रखना उचित नहीं होता है। पुरानी या टूटी हुई झाड़ू से घर में नेगेटिव एनर्जी बढ़ती है और यह घर की तरक्की में बाधा बनती है। पुरानी झाड़ू को अमावस्या या शनिवार के दिन फेंकना सबसे शुभ माना जाता है। इसके अलावा इसे ग्रहण खत्म होने के बाद या होलिका दहन के बाद भी बाहर निकाला जा सकता है।
झाड़ू को नाले, नदी या पेड़ के पास न फेंके
पुरानी झाड़ू को फेंकते समय इस बात का ध्यान रखें कि इसे किसी ऐसी जगह न रखें जहां लोगों के पैर पड़ें। इसे खुले मैदान या सुनसान जगह पर छोड़ना सही होता है। झाड़ू को नाले, नदी या पेड़ के पास फेंकना गलत माना जाता है। साथ ही, झाड़ू को कभी जलाना नहीं चाहिए, यह अशुभ संकेत माना जाता है। ध्यान रहे, गुरुवार, शुक्रवार या एकादशी के दिन झाड़ू फेंकना वर्जित है, क्योंकि ऐसा करने से मां लक्ष्मी नाराज हो सकती हैं।
मां लक्ष्मी की कृपा कभी कम नहीं होती
झाड़ू को घर में हमेशा ऐसी जगह रखें जहां यह किसी की नजर में ना आए। इसे बिस्तर या मंदिर के पास रखना अशुभ होता है। झाड़ू को हमेशा साफ जगह पर रखें और खड़ा करके रखने से बचें। माना जाता है कि झाड़ू को सही स्थान पर और सही तरीके से रखने से घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है और मां लक्ष्मी की कृपा कभी कम नहीं होती।
